तुलसीपुर नगर के अलावा अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी डेंगू का प्रकोप तेजी से बढ़ने लगा है। कल्यानपुर निवासी एक युवक की बुधवार की रात डेंगू के चलते इलाज के दौरान केजीएमयू लखनऊ में मौत हो गई। इससे जिले में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। डेंगू के प्रकोप के चलते लोगों में दहशत है।
मिली जानकारी के मुताबिक कल्यानपुर निवासी रमई को करीब 15 दिन पूर्व बुखार आया था। स्थॉनीय डॉक्टर से इलाज कराने के बाद जब फायदा नहीं हुआ तो रमई को परिवारीजन गोंडा स्थित प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रमई को गोंडा से लखनऊ रेफर कर दिया।
लखनऊ में रमई को किंग जार्ज मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान रमई में डेंगू बीमारी के लक्षण मिले। तीन दिन बाद बुधवार रात रमई की इलाज के दौरान मौत हो गई। गांव में डेंगू की बीमारी की बात सुनकर लोग दहशत में है।
ग्रामीणों ने गांव में मच्छरोधी फॉगिंग कराए जाने की मांग की है। इससे पूर्व भी जिले में डेंगू से तीन लोगों की मौत हो चुकी है। डेंगू के प्रकोप से लोगों में दहशत व्याप्त है।