बेलसर/उमरीबेगमगंज (गोंडा)। थाना क्षेत्र के मेठिया सिसई निवासी सौरभ भारती (19) और रमेश भारती बुधवार को उमरी के चौहान पुरवा में दावत में गए थे। रात करीब 01:30 बजे लौटते समय आमदपुर के पास बाइक में अज्ञात चार पहिया वाहन की टक्कर लग गई। इससे सौरभ व रमेश गंभीर रूप से घायल हो गए। चौहानपुरवा के लोगों ने घायलों को बेलसर सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने सौरभ को मृत घोषित कर दिया। रमेश को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। ग्राम प्रधान रोहित सिंह ने बताया कि दो भाई व तीन बहनों में सौरभ सबसे बड़ा था। वह बाहर मजदूरी करता था। कुछ दिन पूर्व ही घर आया था। जबकि उसके पिता गांव में ही रहकर खेती करते हैं। उमरी बेगमगंज इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। बाइक सवार हेलमेट पहने थे या नहीं, इसका पता लगाया जा रहा है।
कार की टक्कर से तीन घायल
करनैलगंज (गोंडा)। कोतवाली क्षेत्र में बाबागंज चौराहे के पास बृहस्पतिवार को कार व बाइक में टक्कर हो गई। हादसे में बहराइच के भग्गड़वा बाजार निवासी बाइक सवार छोटू (24) व उनके पुत्र कार्तिक (06) के साथ ही डेलई पुरवा परसपुर निवासी 24 वर्षीय किशोरी घायल हो गई। सभी को सीएचसी करनैलगंज में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। कोतवाल श्रीधर पाठक ने बताया कि हादसा करने वाली कार का पता लगाया जा रहा है। (संवाद)