माधोपुर। बहराइच के पयागपुर में कैथोला-भिनगा मार्ग पर सोमवार दोपहर अज्ञात वाहन से बाइक में टक्कर लगने से कटरा बाजार के डुंड़ही के असरना गांव निवासी रोहित कश्यप (22) की मौत हो गई। हादसे में उनका साथी अंकित वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। अंकित को बहराइच मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया। अंकित की बहन की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए रोहित साथ गए थे, तभी हादसे का शिकार हो गए।
रोहित के चाचा सांवल प्रसाद ने बताया कि गांव के अंकित वर्मा की बहन की सात मार्च को शादी तय है। अंकित सोमवार को शादी के निमंत्रण कार्ड देने रोहित के साथ बाइक से बहराइच जा रहा था। तभी पयागपुर में हादसा हो गया। हादसा करने वाला चालक वाहन समेत भाग गया। पयागपुर थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि हादसा करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
चार भाइयों में सबसे बड़ा था रोहित
मृतक के चाचा सांवल प्रसाद ने बताया कि रोहित चार भाइयों में बड़ा था। छोटे भाई मोहित, बुद्धू व लल्ला हैं। रोहित चंडीगढ़ में मजदूरी करता था। बीते 29 जनवरी को वह अपने ताऊ के अंतिम संस्कार में घर आया था।
पिता ने दी मुखाग्नि
पोस्टमार्टम के बाद बहराइच से देर शाम रोहित का शव घर पहुंचा तो परिजनों की चीत्कार से गांव गूंज उठा। लोग परिजनों को संभालने में लगे रहे। मां श्रीमती, पिता और भाइयों के आंसू रुक नहीं रहे थे। गांव के पास खेत में पिता नारायण ने बेटे रोहित की चिता को मुखाग्नि दी।