खून की जांच कराने के लिए कतार में खड़े लोग।
कटरा बाजार/ गोंडा। तेज बुखार के कारण मंगलवार शाम युवक की एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। एईएस (एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम) के दो व डेंगू के एक नए केस की पुष्टि हुई है। जनवरी से अब तक एईएस पीड़ितों की संख्या 13 व डेंगू के मरीजों की संख्या 30 पहुंच गई है।
कटरा बाजार नगर पंचायत के वार्ड नंबर- 13 निवासी मोटर मैकेनिक आरिफ को सोमवार को तेज बुखार आने के कारण स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजन इनायत अली ने बताया कि आरिफ को राहत न मिलने के कारण देर शाम गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान मरीज की मौत हो गई। वार्ड नंबर 15 में भी कई मरीज बुखार से पीड़ित हैं। सभासद अशफाक खां ने बताया कि उनके वार्ड में करीब 12 लोग बुखार से पीड़ित हैं। बीते दिनों योगेश, महेश, बबलू डेंगू के चपेट में आ गए थे।
बुधवार को लखनऊ से आई रिपोर्ट में दो मरीज एईएस के संक्रमित मिलेे। लखनऊ के केजीएमयू में इलाज के दौरान परसपुर के लोहंगपुर निवासी रत्नेश मिश्र व तरबगंज के पिपरी रोहुआ निवासी सपना की एईएस रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इस रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित इलाकों में पहुंचकर निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वजीरगंज के अशोकपुर निवासी जयराम सिंह की अयोध्या मेडिकल कॉलेज से डेंगू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिले के मेडिकल कॉलेज में वायरल बुखार व टाइफाइड के लक्षण वाले मरीजों की संख्या बढ़ गई है। क्षेत्रीय निदान केंद्र पर जांच कराने वालों की लंबी कतारें लगी रहती।