गोंडा। बसपा की सरकार में कानून का शासन था। सभी वर्गों के लोग समान रूप से रहते थे। भाजपा और सपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों दल मिलकर दंगे कराते हैं। सपा सरकार के समय में 134 दंगे हुए। भाजपा के मुखिया ब्राह्मण और दलित को अपना सबसे बड़ा दुश्मन मानते हैं। योगी का बुलडोजर ब्राह्मण पर खूब चला।
बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने नवाबगंज के शाहपुर गांव में आयोजित बसपा के मंडलीय सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि कानपुर की खुशी दूबे जिसकी शादी दो दिन पहले हुई थी उसके पति का एनकाउंटर करवा दिया तथा खुशी दूबे को जेल के अंदर डाल दिया।
प्रदेश सरकार का बुलडोजर ब्राह्मणों पर खूब चला, लेकिन ब्राह्मण समाज बुलडोजर से अब डरने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की आय दोगुनी करने की बात कहकर सत्ता में आई थी, लेकिन आज किसानों की भूमि भी छीनी जा रही है। महिलाओं की सुरक्षा की बात कहने वाली सरकार में हर दो घंटे में एक महिला दुराचार की शिकार होती है।
आज नौजवान बेरोजगारी की मार से जूझ रहा है। वर्तमान सरकार नौकरियां अब ठेके पर दे रही है। भाजपा सरकार पूरा देश बेचने पर तुली है, सिर्फ अडानी और अंबानी का विकास हो रहा है। गोंडा विधानसभा सीट से हाजी मोहम्मद जकी को प्रत्याशी घोषित किया।
सतीश मिश्रा के पुत्र कपिल मिश्रा ने कहा कि भाजपा शासन में सबसे अधिक उत्पीड़न महिलाओं का हुआ है। बसपा सरकार में महिलाओं की तरफ किसी की आंख उठा कर देखने की हिम्मत नहीं होती थी।
पूर्व मंत्री नकुल दूबे ने कहा कि यूपी में हाथी की लहर चल रही है। हमें गुलाम बनाने वाले लोग देश पर शासन कर रहे हैं। आज न हिंदू खतरे में है और न मुसलमान खतरे में है, आज हिंदुस्तान खतरे में है।
बसपा नेता राजिक उस्मानी ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया। इस मौके पर श्रावस्ती से बसपा सांसद राम शिरोमणि वर्मा, बसपा जिलाध्यक्ष मनोज कनौजिया, पवन कुमार गौतम, मोहम्मद अजमल जलील, दिनेश चंद्रा, लालचंद निषाद, करुणाकर पांडेय, पूर्व विधायक अलाउद्दीन, मनकापुर विधानसभा के प्रभारी श्याम नरायन कोरी आदि रहे।