संयुक्त राज्य चिकित्सा कर्मचारी संघ के बैनर तले स्वास्थ्य कर्मियों ने विभिन्न मांगों को लेकर शनिवार को जिला अस्पताल में प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो वे 13 जुलाई से दो घंटे कार्य बहिष्कार करेंगे।
राजपत्रित अवकाशों में कार्य के बदले स्वास्थ्य कर्मियों को एक माह का अतिरिक्त वेतन देने, पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने, सेवानिवृत्त आयु 65 वर्ष करने आदि मांगों को लेकर संयुक्त राज्य चिकित्सा कर्मचारी संघ विगत दिनों से आंदोलनरत है। शनिवार को जिला अस्पताल में संघ के पदाधिकारियों व स्वास्थ्य कर्मियों ने प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष डॉ. सालिकराम त्रिपाठी की अगुवाई में प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन करने वालों में डॉ. एसपी सिंह, सीपी तिवारी, अनिल श्रीवास्तव, अशोक सिंह, सुधाकर पांडेय, एसपी पांडेय, घनश्याम आदि स्वास्थ्य कर्मी व चिकित्सक शामिल रहे।