गोंडा में करनैलगंज के मौहर पट्टी गांव में मजदूर की मौत के बाद बिलखते परिवार के लोग।
- फोटो : GONDA
करनैलगंज (गोंडा)। जर्जर मकान को गिराने के दौरान मकान का मलवा गिरने से 2 मजदूर मलबे में दब गए। जिसमें एक की मौत हो गई, दूसरा गंभीर रूप से घायल है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम मौहर पट्टी के निवासी शिव शरण गोस्वामी का जर्जर मकान था। वह नया मकान बनवाना चाहते थे। पुराना मकान तोड़ा जा रहा था। सोमवार को मलवा गिरने से उसमें काम कर रहे मजदूर राम कुमार गोस्वामी पुत्र माधवराम निवासी ग्राम दुल्लापुर मौहर व उसका भाई राम सुध दोनों मलबे के नीचे दब गए।
आनन-फानन में दोनों को मलबे के नीचे से निकालकर करनैलगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां राम कुमार गोस्वामी को मृत घोषित किया गया। वहीं राम सुध का गंभीर अवस्था में इलाज चल रहा है। उसके सिर व पैर में गंभीर चोट आई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर भभुआ चौकी प्रभारी मनोज राव मय फोर्स मौके पर पहुंचे और घटना के संबंध में कोतवाल को अवगत कराया।
कोतवाल केके राणा ने बताया कि सूचना के आधार पर मृतक राम कुमार गोस्वामी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। किसी प्रकार की कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। सूचना के आधार पर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।