सावन के तीसरे सोमवार पर दिन भर शिवालयों में हर-हर महादेव की जय जयकार गूंजती रही। प्रसिद्ध दुखहरणनाथ मंदिर व पृथ्वीनाथ मंदिर पर दिन भर जलाभिषेक व पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
सावन के तीसरे सोमवार पर सुबह से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु शिवालयों की तरफ चल पडे़। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में बेलपत्र, भांग, धतूरा, शमी, पुष्प, दूध से भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजन-अर्चन किया। दिनभर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।
मंदिरों में जलाभिषेक के लिए महिला तथा पुरुष की अलग-अलग लाइनें लगवाई गई थीं, जिन्होंने बारी-बारी से जलाभिषेक व पूजन-अर्चन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के ओम नम: शिवाय, बोल बम, बम-बम भोले के उद्घोष से यहां का माहौल भक्तिमय बना रहा।
नगर के दुखहरणनाथ मंदिर पर सुबह से ही जलाभिषेक को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा। मौसम सुहाना होने के चलते लोगों ने भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए भक्तिभाव से पूजन किया। उधर, खरगूपुर में पृथ्वीनाथ मंदिर में जलाभिषेक व पूजा-अर्चना के लिए देवीपाटन मंडल के विभिन्न जिलों व क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे।
मंदिर परिसर व गर्भगृह में थानाध्यक्ष देवेंद्र पांडेय, उपनिरीक्षक ऋतुंजय यादव, राजेश सिंह, दिलीप उपाध्याय आदि सहित महिला-पुरुष आरक्षी के साथ ही भीम सेना अध्यक्ष आशीष त्रिपाठी सदस्यों के साथ शिव भक्तों के सहयोग के लिए मौजूद रहे। इस अवसर पर मंदिर परिसर में लगी विभिन्न प्रकार की दुकानों पर खासकर महिलाओं व बच्चों ने जरूरत का सामान खरीदा।