गोंडा। पावर कॉर्पोरेशन की अति महत्वपूर्ण ओटीएस योजना में लापरवाही बरतने वाले अभियंताओं व कर्मचारियों पर अफसरों की नजर टेढ़ी हो गई है। चेतावनी के बाद भी कार्यशैली में सुधार न लाने पर जेई (अवर अभियंता) को अधीक्षण अभियंता भविष्य कुमार सक्सेना ने निलंबित कर दिया है।
राजस्व वसूली में जुटे पावर कॉर्पोरेशन ने हर स्तर पर निगरानी बढ़ा दी है। प्रतिदिन कार्यों की समीक्षा की जा रही है। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि पिछले महीने हुई समीक्षा में जेलरोड बिजली उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता अनय कुमार साहनी की प्रगति खराब पाई थी। जिस पर उन्हें चेतावनी जारी की गई थी। वर्तमान में ओटीएस योजना चल रही है। इसमें भी जेई के स्तर से अपेक्षित सहयोग नहीं किया जा रहा था। इसमें भी कोई खास प्रगति नहीं थी। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि अवर अभियंता अनय कुमार साहनी को लापरवाही बरतने के मामले में निलंबित कर दिया गया है। पावर कॉर्पोरेशन के पैरामीटर पर खरा न उतरने वाले अभियंताओं व कर्मियों को चिह्नित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बेहतर कार्य करने वाले अभियंताओं और बिजलीकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। लापरवाही करने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा।