वजीरगंज (गोंडा)। वजीरगंज थाना क्षेत्र के बानेपुर कोरीपुरवा निवासी शनि कुमार (19) की बृहस्पतिवार को मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्टअटैक से मौत होने की बात सामने आई है।
शनि परिजनों के साथ घास काटने तिखड़िया गया था। शाम को उसने सभी लोगों के सिर पर घास का गट्ठर रखवाने के बाद स्वयं अपना गट्ठर उठाकर आने की बात कही। काफी देर तक शनि घर नहीं पहुंचा। परिजन तलाशने निकले तो खेत में उसी स्थान पर शनि का शव पड़ा मिला। शनि दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई रवि (21) है। दो बहनें रोशनी (15) व अनामिका (12) हैं। शनि लुधियाना में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान में काम करता था। वह अपने चाचा गंगाराम की लड़की की शादी में 15 नवंबर को घर आया था। शनि 25 दिसंबर को लुधियाना जाने वाला था।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार हार्टअटैक से उसकी मौत हुई है। शनिवार को अयोध्या में सरयू तट पर उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।