तरबगंज सीएचसी में नसबंदी कराने के बाद फर्श पर लेटीं महिलाएं। - संवाद
तरबगंज। स्थानीय सीएचसी में शनिवार को आयोजित नसबंदी शिविर में बड़ी लापरवाही सामने आई। नसबंदी कराने वाली कई महिलाओं को सर्द मौसम के बावजूद ठंडी फर्श पर लिटा दिया गया। इससे महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ी। लापरवाही को लेकर तीमारदारों ने नाराजगी जताई। शिविर में नसबंदी के लिए 15 महिलाओं ने पंजीकरण कराया था। परीक्षण के बाद चयनित 13 महिलाओं की नसबंदी की गई।
मेडिकल काॅलेज से आए डॉ. अशोक कुमार ने महिलाओं नसबंदी की। इसके बाद जब वह बाहर निकले तो फर्श पर लेटी महिलाओं को देखकर अधीक्षक को फोन करके नाराजगी जताई। घांचा गांव निवासी तीमारदार दद्दन व रांगी गांव निवासी अरविंद कुमार ने बताया कि ऑपरेशन के बाद उनकी पत्नी को बेड नहीं मिल सका। सर्दी में ठंडी फर्श पर महिलाओं को लेटने के लिए विवश होना पड़ा। अधीक्षक डॉ. नवनीत गौरव सिंह ने बताया कि ऊपरी मंजिल पर पांच ही बेड थे। इस वजह से महिलाओं को नीचे वार्ड में बेड पर शिफ्ट करने को कहा गया था। किस स्तर पर लापरवाही की गई, इसकी जांच कराई जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।