गोंडा। अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय लखनऊ की जोन-6 अंतरमहाविद्यालयीय खेल प्रतियोगिता में गोंडा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मेजबान एससीपीएम कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज और गोनार्द कॉलेज के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, चार रजत और दो कांस्य समेत कुल नौ पदक जीते।
एससीपीएम कॉलेज परिसर में दो दिनों तक विभिन्न इनडोर और आउटडोर खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। समापन समारोह में मुख्य अतिथि डीआईजी अशोक कुमार शुक्ल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। गोंडा के प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों के खेल शिक्षकों ने निर्णायक और रेफरी के रूप में योगदान दिया।
एससीपीएम कॉलेज के अविरल निगम ने पुरुष बैडमिंटन में पहला स्थान हासिल किया। इसी कॉलेज की प्रियंका सिंह महिला डिस्कस थ्रो में अव्वल रहीं। गोनार्द कॉलेज के अनमोल पांडेय ने पुरुष वॉलीबॉल में स्वर्ण पदक जीता। एससीपीएम की महिला बास्केटबॉल और वॉलीबॉल टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। पुरुष डिस्कस थ्रो में प्रशांत मौर्य और 100 मीटर दौड़ में शिवांश मिश्रा दूसरे स्थान पर रहे। महिला 200 मीटर दौड़ में पुष्पा सोनकर और पुरुष शॉटपुट में गोनार्द कॉलेज के ऋषभ ने तीसरा स्थान हासिल किया।
खिलाड़ियों ने दिखाया दम
वॉलीबॉल : महिला वर्ग में पलक की टीम (शंभूनाथ रिसर्च इंस्टीट्यूट, प्रयागराज) प्रथम। पुरुष वर्ग में अनमोल पांडेय की टीम (गोनार्द कॉलेज, गोंडा) प्रथम।
डिस्कस थ्रो : महिला वर्ग में प्रियंका सिंह (एससीपीएम कॉलेज, गोंडा) प्रथम व पुरुष वर्ग में सौरभ शाह (एमवीएएसएमसी, बस्ती) प्रथम।
बैडमिंटन : पुरुष वर्ग में अविरल निगम (एससीपीएम कॉलेज, गोंडा) प्रथम व महिला वर्ग में अदिति की टीम (कॉलेज ऑफ नर्सिंग, आरडीएएसएमसी, अयोध्या) प्रथम।
एससीपीएम कॉलेज आयोजित प्रतियोगिता में दम दिखाते खिलाड़ी। स्रोत : कॉलेज
एससीपीएम कॉलेज आयोजित प्रतियोगिता में दम दिखाते खिलाड़ी। स्रोत : कॉलेज