मनकापुर। बक्सरा आज्ञाराम के तिलक पुरवा में शनिवार रात टिनशेड के पाइप में दुपट्टा के फंदे से लक्ष्मी (35) शव लटका मिला। लक्ष्मी के भाई ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लक्ष्मी के पति राजकुमार के अनुसार वह चेन्नई में खाना बनाने का काम करते हैं। मंगलवार को चेन्नई से लौटे हैं। शनिवार रात खाना खाने के बाद पत्नी व बच्चों के साथ कमरे में सो गए। सुबह उठे तो पत्नी कमरे में नहीं थी। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। ईंट से कुंडी तोड़ कर बाहर आए तो पत्नी टिनशेड में फंदे से झूल रही थी।
इसकी सूचना पुलिस और मायके वालों को देकर शव फंदे से उतारकर चारपाई पर रख दिया था। लक्ष्मी की मां श्रीमती ने बताया कि दामाद राजकुमार का चाल-चलन ठीक नहीं है। अक्सर उनकी बेटी की पिटाई करता था। भाई पंकज के अनुसार उनकी बहन के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।
लक्ष्मी के एक बेटा राज (12) व एक बेटी शक्ति (9) है। थानाध्यक्ष गौरव सिंह तोमर ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का पता चलेगा।