झंझरी। कोतवाली देहात के धनोहरी गांव में मंगलवार रात नित्यक्रिया के लिए घर से निकली महिला का शव बुधवार सुबह शीशम के पेड़ पर फंदे से लटका मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट के साथ मौके से साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने अभी तक किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है।
धनोहरी नूरजहां पत्नी साबिर उर्फ ननके (36) मंगलवार रात करीब 11 बजे भोजन के बाद नित्यक्रिया के लिए गईं थीं। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई, लेकिन अंधेरा होने के कारण लोग ज्यादा देर तक खोज नहीं सके।
बुधवार तड़के करीब चार बजे सहरी के लिए एलान होने पर परिवार के लोग जागे तो नूरजहां के न लौटने की जानकारी हुई। खोजबीन के दौरान घर से लगभग 150 मीटर दूर पेड़ पर शव लटका मिला। मौके पर टॉर्च, पानी का डिब्बा और चप्पल बरामद हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों व परिजनों से पूछताछ की। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
दस वर्ष पहले हुई थी शादी
नूरजहां का मायका इटियाथोक के बैजपुर गांव में है। उनके पिता शमी शाह के अनुसार करीब दस वर्ष पूर्व उनकी शादी हुई थी। उनकी बहन की शादी भी इसी परिवार में हुई है। नूरजहां के दो बेटे इमाम अली (8) और शोएब (5) हैं। घटना के बाद दोनों बच्चे बेसुध हैं और परिवार में कोहराम मचा है। चौकी प्रभारी संजीव सिंह ने बताया कि मृतका के पति गुजरात में नौकरी करते हैं। उन्हें सूचना दे दी गई है।
तहरीर नहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पिता ने फिलहाल किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। कोतवाल देहात शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।