गोंडा के खरगूपुर थाना क्षेत्र में तीन बेटियों के साथ महिला के नहर मे कूदने के बाद उन्हें तलाशती प?
- फोटो : GONDA
रुपईडीह (गोंडा)। असिधा गांव के मजरे बरगदही की रहने वाली एक महिला ने आर्यनगर-खरगूपुर मार्ग पर स्थित परसा गांव के समीप सरयू नहर में गुरुवार की दोपहर अपनी तीन बेटियों संग कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। मगर नहर में कूदते समय दो बेटियों ने मां से हाथ छुड़ा लिया। जिससे महिला गोद में लिए दो साल की मासूम बेटी संग नहर में कूद गई। बाहर खड़ी दोनों बेटियों के शोर मचाने पर दौड़े लोगों ने महिला को तो बचा लिया। मगर मासूम बच्ची पानी के तेज बहाव में बह गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ग्रामीणों की मदद से मासूम बच्ची की तलाश कर रही है। मगर अभी तक उसका पता नहीं चल सका है।
खरगूपुर थाना क्षेत्र के असिधा गांव के मजरा बरगदही के रहने वाले पप्पू और उसकी पत्नी उर्मिला(30) के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी से नाराज होकर उसका पत्नी उर्मिला अपनी तीन बेटियों अंकिता (6), अंतिमा (4) व अनामिका (2) को साथ लेकर गुरुवार की दोपहर आर्यनगर-खरगूपुर मार्ग पर स्थित परसा गांव के समीप स्थित सरयू नहर पर पहुंची। उर्मिला ने अनामिका को गोद में लेकर अंकिता व अंतिमा का हाथ पकड़कर नहर में कूद गई। मगर इसी बीच दोनों बेटियों ने मां से हाथ छुुड़ा लिया। जिससे वह दोनों बच गईं।
दोनों बेटियों के शोर मचाने पर दौड़े ग्रामीणों ने उर्मिला को तो बचा लिया, लेकिल अनामिका पानी के तेज बहाव में बह गई। ग्रामीणों की सूचना पर थानाध्यक्ष खरगूपुर संतोष तिवारी, चौकी प्रभारी आर्यनगर बीपी सिंह ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से मासूम बच्ची की तलाश शुरू कर दी है। मगर अभी तक अनामिका का पता नहीं चल सका है। थानाध्यक्ष ने बताया कि बच्ची की तलाश कराई जा रही है।