ट्रेन से गिरी महिला को बचाता जीआरपी कर्मी।
गोंडा। रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसी महिला को जीआरपी के सिपाही योगेंद्र सिंह ने तत्परता दिखाते हुए बचा लिया। महिला ट्रेन पर चढ़ते समय बैलेंस बिगड़ने से लड़खड़ाई, तभी वहां ड्यूटी पर तैनात सिपाही दौड़ पड़ा और महिला को बाहर खींच लिया। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे की है।
जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक पंकज यादव के अनुसार घटना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक की है। ट्रेन संख्या 15567 अमृत भारत एक्सप्रेस मोतिहारी से आनंद विहार जा रही थी। अंसूरी खातून (43), अपनी दो बेटियों सहाना खातून (17) और निकहस (4) के साथ यात्रा कर रही थी। ट्रेन के गोंडा स्टेशन पर रुकने पर अंसूरी खातून कुछ सामान लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतर गईं।
इसी बीच ट्रेन चल दी। हड़बड़ाहट में वह ट्रेन पर चढ़ने के लिए दौड़ी लेकिन संतुलन बिगड़ने से प्लेटफार्म व ट्रेन के बीच की जगह में फंस गईं। तभी प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे कांस्टेबल योगेंद्र सिंह ने हाथ पकड़कर उन्हें खींच लिया। इससे उसकी जान बच गई। घटना में महिला का दुपट्टा फट गया। उन्हें हल्की चोटें भी आईं हैं। मौजूद यात्रियों ने जीआरपी जवान की साहस की सराहना की।