मनकापुर। टिकरी जंगल से सटे शंभूनगर बुटाहा गांव में फसल की सुरक्षा के लिए खेत में लगाई गई झटका मशीन के करंट से सोमवार रात एक महिला की मौत हो गई। देर रात परिजन खोजबीन करने निकले तो खेत के तारों के पास महिला का शव पड़ा मिला।
गांव निवासी बचौना देवी राजभर (45) सोमवार रात लघुशंका के लिए घर से निकली थीं। गांव के ही एक व्यक्ति ने छुट्टा पशुओं से फसल बचाने के लिए अपने खेत के चारों ओर तारों से बैरिकेडिंग करके झटका मशीन से करंट प्रवाहित किया था। रात के अंधेरे में बचौना तार की चपेट में आ गईं और करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने खेत में लगाए गए तारों में सीधे बिजली का करंट प्रवाहित किए जाने की आशंका जताई है। मृतका के ससुर रामधीरज ने पुलिस को तहरीर देकर खेत के मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। जांच की जा रही है। (संवाद)