मोतीगंज (गोंडा)। कस्टुआ गांव में सोमवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में गीता देवी (50) की मौत हो गई। उनके सिर और कोहनी समेत अन्य अंगों पर चोट के गहरे निशान मिले हैं। पुलिस मृतका के पति जगराम सोनकर से पूछताछ कर रही है।
कस्टुआ गांव में गीता की हत्या की सूचना पर मंगलवार दोपहर एएसपी (पूर्वी) मनोज कुमार रावत, सीओ शिल्पा वर्मा व इंस्पेक्टर अनीता यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने गीता के पति जगराम सोनकर से पूछताछ की। वह बेहद नशे में था और पत्नी गीता देवी को भी नशे का आदी बता रहा था। पुलिस ने उसके बेटों के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की। पता चला कि देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया नशे में तख्त से गिरने से मौत की जानकारी मिली है। मगर, घटना संदिग्ध प्रतीत होने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
सीओ सदर शिल्पा वर्मा ने बताया कि मृतका के पति से पूछताछ की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारणों की जानकारी हो सकेगी। फिलहाल पूछताछ से नशे में तख्त से गिरने से मौत की बात सामने आई है।
चुप्पी साधे रहे परिजन, अज्ञात ने 112 पर दी खबर
सोमवार देर रात की घटना की सूचना मंगलवार दोपहर 01:30 बजे पुलिस को दी गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने यूपी 112 पर सूचना दी थी। जिसके बाद पीआरवी से जानकारी मिली। गीता के परिवार में बेटे हरिनारायण (26), सजीवन (22), झुराही (16) व बेटी अमरपति (10) हैं। बड़े बेटे की शादी हो चुकी है। वह बाहर रहकर मजदूरी करता है। छोटे बेटे झुराही ने बताया कि मां की मौत के बाद पिता ने सुबह उसे जानकारी दी।