गोंडा। परसपुर कस्बे के भौरीगंज मार्ग पर स्थित सराफ की दुकान पर स्कार्पियो गाड़ी से दो युवकों संग आई महिला गहने खरीदने का झांसा देकर 74 हजार रुपये की सोने की चेन लेकर फरार हो गईं। सराफ ने थाने पर तहरीर दी है।
कस्बे के भौरीगंज रोड वार्ड नंबर-13 निवासी रामदेवी ने बताया कि उसके पति रामशरन सोनी की मृत्यु हो चुकी है। वह किसी तरह अपनी छोटी बेटी रीना सोनी के साथ अपनी सराफे की दुकान संभालती हैं। रामदेवी के मुताबिक मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे काले रंग की स्कार्पियो गाड़ी से एक महिला व दो युवक उनकी दुकान पर आए। महिला ने सोने झाला दिखाने को कहा। पुत्री के दिखाने पर पसंद करने के बाद भी उसे नहीं लिया। फिर सोने का चेन दिखाने को कहा। पुत्री ने दूसरे की दुकान से लाकर उन्हें पांच चेन दिखाई। चेन देखने के बाद नए डिजाइन की चेन लाने को कहा, जब उनकी बेटी चेन लेने दूसरे सराफ की दुकान पर गई, तभी महिला और उसके साथी स्कार्पियो गाड़ी से चेन लेकर फरार हो गए। थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने बताया कि मामला जानकारी में है, जांच कराई जा रही है।