आठ ब्लॉकों के बीडीओ व कार्यक्रम अधिकारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। मनरेगा कार्यों में लापरवाही बरतना बीडीओ व कार्यक्रम अधिकारियों को महंगा पड़ सकता है। चालू वित्तीय वर्ष में 11 ग्राम पंचायतों में अभी तक मनरेगा कार्य पूरी तरह से ठप है।
88 ग्राम पंचायतों में मनरेगा काम होने के बावजूद मानव दिवस सृजन के साथ खर्च की ब्यौरा ऑनलाइन अपलोड नहीं किया गया है। बीडीओ व कार्यक्रम अधिकारियों को तीन दिन के अंदर चालू वित्तीय वर्ष में 11 ग्राम पंचायतों में ठप मनरेगा कार्य शुरूकराने और 88 ग्राम पंचायतों में सृजित श्रमिक दिवसों का ऑनलाइन अपलोडिंग कराने का निर्देश दिया गया है।
तीन दिन के अंदर कार्य न होने पर संबधित बीडीओ व कार्यक्रम अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ये बातें सीडीओ रामाश्रय ने सोमवार को जिले के 667 ग्राम पंचायतों में मनरेगा कार्यों की समीक्षा के दौरान सभी नौ ब्लॉकों के बीडीओ व कार्यक्रम अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि गैड़ास बुजुर्ग पचपेड़वा व रेहरा बाजार ब्लॉकों की तीन-तीन और तुलसीपुर ब्लॉक की दो ग्राम पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2015-16 में अभी मनरेगा कार्य शुुरू नहीं किया गया है। बीडीओ व कार्यक्रम अधिकारियों को दो दिन के अंदर इन 11 ग्राम पंचायतों में मनरेेगा कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया है।
बलरामपुर ब्लॉक में नौ, पचपेड़वा व गैसड़ी ब्लॉक में 22-22, श्रीदत्तगंज व उतरौला ब्लॉकों में सात-सात, रेहरा बाजार ब्लॉक में 13, तुलसीपुर में छह और गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक में दो ग्राम पंचायतों में श्रमिक दिवसों को सृजन होने के बावजूद भारत सरकार के वेबसाइट पर अभी तक ऑनलाइन अपलोडिंग का कार्य नहीं किया गया है।
इन ब्लॉकों के बीडीओ व कार्यक्रम अधिकारियों को तीन दिन के अंदर भारत सरकार के वेबसाइट पर अपलोड कराने का निर्देश जारी किया गया है। निर्देशों का अनुपालन न करने वाले संबंधित बीडीओ व कार्यक्रम अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीडीओ ने हरैया सतघरवा ब्लॉक के सभी ग्राम पंचायतों में मनरेगा कार्य संचालित होने पर बीडीओ व कार्यक्रम अधिकारियों को बधाई दी है।