मनकापुर। पति से फोन पर कहासुनी के बाद मायके में रह रही 22 वर्षीय महिला ने बृहस्पतिवार शाम कमरे में फंदा लगा लिया। परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
अंबरपुर खेसरी गांव निवासी रामबली ने बताया कि उन्होंने दो वर्ष पहले बेटी रिंकी (22) की शादी मसकनवा के मदनापुर गांव निवासी रिंकू से की थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल वालों ने रिंकी के जेवर अपने पास रख लिए और उसे प्रताड़ित करने लगे। करीब छह माह पहले पिटाई कर उसे घर से निकाल दिया था। तभी से रिंकी मायके में रह रही थी।
रामबली के मुताबिक, बृहस्पतिवार शाम रिंकी घर में अकेली थी। इसी दौरान पति से मोबाइल पर उसकी कहासुनी हुई। इसके बाद उसने कमरे में पंखे के हुक में साड़ी से फंदा बांधकर जान दे दी।
पिता ने बताया कि रिंकी की अक्सर पति से फोन पर कहासुनी होती थी। मौत के बाद मोबाइल फोन की जांच के दौरान पता चला कि उसकी पति से बातचीत हुई थी। सीओ उदित नारायण पालीवाल ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर थी रिंकी
दो भाइयों और दो बहनों में रिंकी दूसरे नंबर पर थी। उसका बड़ा भाई गुड्डू और छोटा भाई शुड्डू बंगलुरु में मजदूरी करते हैं। बड़ी बहन पिंकी की शादी हो चुकी है। पिता रामबली और मां मीरा देवी के पास दो बीघा कृषि भूमि है।