करनैलगंज (गोंडा)। तीन तलाक न दे पाने और दूसरी महिला से शादी करने के चक्कर में पति ने पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। मायके वालों ने युवक पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई के लिए डीआईजी को प्रार्थना पत्र दिया है।
कोतवाली करनैलगंज अंतर्गत ग्राम कचनापुर निवासी मोहम्मद यूनुस ने डीआईजी को दिए प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि उसने अपनी पुत्री आसिया की शादी ग्राम गोंड़वा निवासी साबिर उर्फ ललऊ के साथ की थी। शादी के बाद से साबिर व उसके परिवार के लोग उसे मारपीट कर प्रताड़ित करते रहे।
कुछ दिन पूर्व एक महिला से संबंध होने के कारण वह आसिया को तलाक देकर उस महिला से निकाह करने का प्रयास कर रहा था। सफल न होने पर 12 अगस्त को उसने परिवार के सदस्यों की मदद से पुत्री की हत्या कर दी।
दोपहर में सूचना मिली कि आसिया ने फांसी लगा ली है। मोहम्मद यूनुस जब गोंड़वा पहुंचा तो देखा कि पुत्री आसिया पीठ में चोट और गला कसने के निशान थे। पीड़ित का आरोप है कि उसने थाना कटरा बाजार में तहरीर दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मामले में एसपी ने सीओ करनैलगंज को आख्या देने का निर्देश दिया था। सीओ जितेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच चल रही है।