खरगूपुर (गोंडा)। पिपरा बाजार की रहने वाली युवती की उसके पति ने गला घोंटकर हत्या कर शव घर से कुछ दूरी पर स्थित गन्ने के खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। पति ने पत्नी के मायके वालों से उसके लापता होने की बात कही। युवती की मां ने थाना खरगूपुर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने शक के आधार पर युवती के पति से सख्ती से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल लिया।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि खरगूपुर के पिपरा बाजार निवासी मुकेश तिवारी की पत्नी भानुप्रिया उर्फ प्रीति 20 जनवरी को लापता हो गई थी। प्रीति की मां पूनम दूबे निवासी वैनिया कोतवाली देहात ने 27 जनवरी को थाना खरगूपुर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। एसपी ने बताया कि गुरुवार को शक के आधार पर प्रीति के पति मुकेश तिवारी को उठा लिया गया।
पूछताछ में वह टूट गया। मुकेश ने बताया कि 26 जनवरी की देर रात उसने भानुप्रिया उर्फ प्रीति (20) की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। साक्ष्य मिटाने के लिए शव को पास के गन्ने के खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। एसपी ने बताया कि खेत से शव बरामद कर लिया गया है। बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कराया जाएगा।