झंझरी/परसपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के लौव्वा टेपरा पहड़वा गांव में पत्नी के मायके जाने से नाराज पति ने फंदा लगाकर जान दे दी। वहीं, परसपुर के दक्षिण तकिया मोहल्ले में टिनशेड में एक महिला का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस जांच में जुटी है।
देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि लौव्वा टेपरा पहड़वा गांव निवासी लालबाबू यादव (23) की पत्नी होली के दिन मायके जाने की जिद कर रही थी। पति उसे भेजना नहीं चाहता था। इसके बावजूद वह मायके चली गई। इससे नाराज होकर लालबाबू ने कमरे में फंदे से लटककर जान दे दी।
परसपुर के दक्षिण तकिया निवासी कौशर उर्फ ननका (26) पत्नी इरफान बुधवार रात दो साल के बेटे के साथ सो रही थी। बृहस्पतिवार सुबह कमरे से बेटे के रोने की आवाज सुनकर परिवार के लोगों ने दरवाजा खटखटाया। जवाब न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया तो कौशर का शव टिनशेड में दुपट्टे के सहारे लटका मिला। थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि कौशर का पति मुंबई व ससुर कल्लू कोलकाता में रहते हैं। कौशर अपनी सास व बेटे के साथ रहती थीं। फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर पड़ताल की है।
महिला ने लगाई फांसी
गोंडा। धानेपुर के बसंतपुर निवासी गीता देवी (30) पत्नी अखिलेश शर्मा का शव बृहस्पतिवार को घर के कमरे में फंदे से लटकता मिला है। मृतका के पिता बेहड़ा चौबे करछुलिया निवासी रामशब्द ने बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। (संवाद)