गोंडा। जिले के 100 क्रय केंद्रों पर सोमवार से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों के गेहूं की खरीद शुरू होगी। शासन ने इस बार न्यूनतम समर्थन मूल्य में 160 रुपये की बढ़ोतरी की है। ऐसे में अब 2,585 रुपये प्रति क्विंटल दर से गेहूं खरीदा जाएगा।
खाद्य विभाग सहित पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, भारतीय खाद्य निगम और मंडी समिति को खरीद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि सभी क्रय केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित की जाएगी। खरीद के लिए मोबाइल टीमें भी गठित की गई हैं, जो गांवों में पहुंचकर किसानों के गेहूं की मौके पर ही तौल करके खरीद करेंगी। इसके बाद अनाज को ट्रकों से गोदामों तक पहुंचाया जाएगा। हालांकि, मोबाइल टीमें उन्हीं स्थानों पर जाएंगी जहां पिछले वर्ष खरीद नहीं हुई थी या जहां कम से कम 300 क्विंटल गेहूं बेचने वाले किसान उपलब्ध होंगे।
डिप्टी आरएमओ एनके पाठक ने बताया कि जिले में 100 क्रय केंद्रों का चयन कर लिया गया है। खरीद के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। किसानों से अपील है कि पंजीकरण कराने के बाद ही क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने जाएं। (संवाद)