गोंडा। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के असर से गोंडा और बलरामपुर में 29 और 30 अक्तूबर को मौसम बिगड़ने के आसार हैं। गोंडा में 30 अक्तूबर को बारिश की संभावना है, जबकि बलरामपुर में 30 अक्तूबर से 31 अक्तूबर की सुबह तक बारिश का अनुमान जताया गया है। ऐसे में किसानों से सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के जिला स्तरीय पूर्वानुमान के मुताबिक, 29 अक्तूबर को गोंडा और बलरामपुर समेत कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और गरज-चमक की आशंका है। 30 अक्तूबर को भी तेज हवा और वज्रपात का खतरा बना रह सकता है।
बलरामपुर के आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह का कहना है कि बेमौसम बारिश और तेज हवा से खेतों में खड़ी फसलों, बागवानी और खुले में रखी उपज को नुकसान पहुंच सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि खेतों में कटी फसल का जल्द निस्तारण कर लें। यदि ऐसा संभव न हो तो उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें। गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें। पेड़ों, बिजली के खंभों और जर्जर भवनों के पास खड़े न हों। तेज हवा के दौरान घर के भीतर सुरक्षित रहें और खिड़की-दरवाजे बंद रखें। मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान और चेतावनियों पर भी नजर रखें।