24 गांवों के किसानों को मिलेगी सिंचाई की सुविधा, लहलहाएंगी फसलें
सरयू नहर खंड- एक के तरबगंज मुख्य शाखा में छोड़ा गया पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फोटो- 6
गोंडा। 42 सालों से सरयू नहर परियोजना भले ही अभी पूरी न हो पाई हो, लेकिन 24 गांवों के किसान अब नहर से सिंचाई कर सकेंगे। सरयू नहर खंड- एक के तरबगंज मुख्य शाखा की नहर में पानी छोड़ा गया है। इससे करीब 50 हजार किसानों को सिंचाई की सुविधा हासिल हो सकेगी। विभाग के एक्सईन सतीश कुमार ने कहा कि सारी प्रक्रिया पूरी करके नहरों में पानी छोड़ा गया है, इससे किसानों को सीधे फायदा होगा। उनकी खेती में सिंचाई की लागत घटेगी तो फसल तैयार होने में किसानों को कम खर्च लगेगा।
तरबगंज मुख्य शाखा के गंगरौली रजबहा को शुरू कर दिया गया है। जो 23 किमी लंबी है और इस रजबहा से बांसगांव, पतिसा, भोंका, मोहपुर, कंडरू, आटा, परसपुर, चरहुंआ, डेहरास, मोहना, सरैया नान्हूं व सिसई गांव के किसानों को सिंचाई की सुविधा हासिल होगी। इसके साथ ही करीब 24 किमी लंबी नकही रजबहा को भी शुरू किया गया है। जिससे देवा पसिया, सेल्हरी, गौरवा कला, परसोहना, महुआवीरपुर, नकही, लालपुर, पूरे महोलिया, गंडाही, अशोकपुर व भुलभुलिया के किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इसी तरह सोनौली मोहम्मदपुर रजबहा को भी शुरू किया गया है। एक्सईन सतीश कुमार ने बताया कि सहायक अभियंता प्रशांत वर्मा, अवर अभियंता विकास पाठक, बब्बू आजाद की निगरानी में कार्य पूरा किया गया है। इनकी देखरेख में टेल तक पानी पहुंचेगा और किसानों को जरूरी जानकारी भी दी जाएगी। नहर के चालू होने से किसानों में खुशी दिखी। किसान अरविंद कुुमार सिंह, धर्मदास, रमन, जयकरन, मोहम्म्द इदरीश, मोहम्मद फैज ने कहा कि यह उनके लिए वरदान है। नहर से पानी मिलने से उनके खेती के खर्चों में कमी आएगी।