गोंडा। 15वें वित्त आयोग से शहर में पेयजल सुविधा को बेहतर बनाने के लिए 30 स्थानों पर वाटर कूलर लगाया जाएगा। इसमें से कई स्थानों पर काम शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में डीएम कार्यालय, कमिश्नर कार्यालय, जलकल कार्यालय तथा महारानीगंज तालाब के पास वाटर कूलर स्थापना के लिए बोरिंग का कार्य चल रहा है।
संबंधित अधिकारियों के अनुसार इन सभी स्थानों पर कार्य शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। साथ ही इस सप्ताह जिला अस्पताल, बस स्टैंड, महिला अस्पताल एवं मछली मंडी के पास भी वाटर कूलर स्थापित किए जाने की योजना है, जिससे आमजन को गर्मी के मौसम में शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल सके। पालिकाध्यक्ष उजमा राशिद ने बताया कि शेष स्वीकृत स्थलों पर भी चरणबद्ध तरीके से कार्य पूरा कराया जा रहा है।