रुपईडीह में क्षेत्रीय सड़कों की बदहाली के विरोध में गुरुवार को आर्यनगर-कौंड़िया बाजार के इलाकाई लोगों ने साढ़े चार घंटे तक फैजाबाद-बहराइच रोड जाम रखा। नाराज लोगों का कहना था कि क्षेत्र में कोई भी सड़क चलने लायक नहीं है। जिसे लेकर आक्रोशित लोगों ने क्षेत्रीय सांसद, मंत्री व जिलास्तरीय अधिकारियों के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
जाम की सूचना मिलने के एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम व सीओ के साढ़े तीन घंटे आक्रोशित लोगोों को समझाने पर उन्होने जाम खोला। तब जाकर कहीं जाम में फंसे सैकड़ों वाहनों का आवागमन बहाल हो पाया।
विधानसभा क्षेत्र कटराबाजार की कोई भी सड़क चलने लायक नहीं है। फिर चाहे वह सड़क करनैलगंज-आर्यनगर-पृथ्वीनाथ मार्ग ही क्यों न हो। जिसके लिए बीते तीन साल से पीएमजीएसवाई का 65 करोड़ रुपये स्वीकृत पड़ा है। लेकिन सड़क आज तक नहीं बनी।
जबकि कमोवेश यही हाल आर्यनगर-जयप्रभाग्राम, गोकरनशिवाला से इटियाथोक, खरगूपुर से जयप्रभाग्राम सड़कों का भी है। जिसकी मरम्मत के लिए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने आश्वासन तो खूब दिए। लेकिन हुआ कुछ नहीं। जिसके चलते लोगों को आज भी जब इन सड़कों पर चलना होता है, तो उन्हें देर तक सोचना पड़ता है।
इसी के विरोध स्वरूप गुरुवार को अंकित शुक्ला की अगुवाई में जेपी त्रिवेदी, मनीराम, साहबदास गुप्ता, मदन मोहन, अशोक कुमार, अभिषेक मिश्र, रिंकू मिश्र, पंकज, मिंटू, वैभव सिंह, विकास गुप्ता, अभय सिंह, मुकेश पाण्डेय, विनय सिंह, विनय श्रीवास्तव, बृजेश पाण्डेय, दीपक गुप्ता, दुर्गेश, शिवम आदि ने सुबह 9 बजते ही फैजाबाद-बहराइच मार्ग पर आर्यनगर में सड़क के बीचो बीच बैरिकेडिंग कर जाम लगा दिया।
जिससे फैजाबाद से बहराइच औैर बहराइच से फैजाबाद जाने वाले सैकड़ों की संख्या में वाहन फंस गए। वहीं रोडवेज की बसों में सवार यात्रियों को भी इससे तमाम तरह की परेशानी झेलनी पड़ी।
आर्यनगर में लगे जाम से बहराइच रोड पर बहराइच जिले के अन्तर्गत आने वाले उधरना सरहदी तक जाम लगा रहा तो वहीं गोंडा रोड पर खिरौरा तक लोग जाम में फंसे रहे।
जाम की सूचना मिलने के एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर नरेन्द्र सिंह, सीओ एस हम्द, एसओ कौंड़िया आलोक दुबे, एसओ खरगूपुर अंगद राय, कटराबाजार शशिकांत यादव के साढ़े तीन घंटे तक लोगों के समझाने पर आक्रोशित लोगों ने जाम खोला।
तब जाकर कहीं जाम में फंसे वाहनों का आवागमन बहाल हो पाया। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द क्षेत्र में सड़कों की बदहाली दूर करने का प्रयास नहीं हुआ तो अगली बार पूरी रोड फिर से जाम कर दी जाएगी।