कोटेदार की मनमानी के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों ने कचहरी में प्रदर्शन किया और अनाज की कालाबाजारी करने का आरोप लगाया। इस मामले में एडीएम ने तरबगंज एसडीएम को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
विकास खंड बेलसर के ताराडीह ग्राम पंचायत के करीब 100 ग्रामीण गुरुवार को कचहरी पहुंचे। यहां अपर जिलाधिकारी, डीएसओ सहित अन्य अधिकारियों से मिलकर अपनी व्यथा बताई।
ग्राम प्रधान सत्यप्रकाश मिश्र की अगुवाई में आए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के उचित दर विक्रेता द्वारा गरीबों के लिए आए अनाज, चीनी, मिट्टी तेल की कालाबाजारी की जा रही है। अनाज न मिलने से कार्डधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ल ने ग्रामीणों को समझाते हुए मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।
इसके बाद ग्रामीण एडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां एडीएम ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने के निर्देश उपजिलाधिकारी तरबगंज को दिए। प्रदर्शन करने वालों में बजरंग बली, आत्माराम, जैनब, रामकली, श्यामलली, सुमित्रा, खुशीराम, परशुराम आदि शामिल रहे।