सोनवार भैरवपुरवा में सड़क के लिए प्रदर्शन करते ग्रामीण। स्रोत: सोशल मीडिया
करनैलगंज। विकासखंड हलधरमऊ की ग्राम पंचायत सोनवार के भैरवपुरवा में सड़क खराब होने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। रविवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए चेतावनी दी कि आगामी चुनाव में जनप्रतिनिधियों का विरोध किया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि भैरवपुरवा का संपर्क मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। 2017-18 में पूर्वांचल विकास निधि योजना के तहत विधायक बावन सिंह द्वारा इंटरलॉकिंग सड़क बनवाई गई थी, लेकिन दो वर्ष में ही सड़क खराब हो गई। कट स्टोन टूटकर गायब हो गए और पूरे मार्ग में गड्ढे हो गए हैं। ग्रामीणों ने डामर या सीसी रोड निर्माण की मांग की। प्रदर्शन में शिव कैलाश पांडेय, राम दयाल पांडेय, महेश पांडेय, सचिन, संतोष शुक्ल, नानबाबू शुक्ल, अनिल शुक्ल, ननकऊ शुक्ल, अंकित पांडेय, श्रीप्रकाश आदि शामिल रहे। प्रधान प्रतिनिधि रघुनाथ पांडेय ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। बजट स्वीकृत होते ही कार्य शुरू कराया जाएगा। (संवाद)