झंझरी। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 15 वर्षीय बालिका को उसके गांव से कुछ लोगों ने अगवा करने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने पांच युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
बालिका के भाई ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम उनकी बहन के मोबाइल पर एक युवक ने कॉल किया। कॉल उनकी पत्नी ने रिसीव किया। कॉल करने वाले ने बताया कि वह उनसे मिलना चाहता है। कुछ देर बाद ही बाइक से वह अपने एक साथी के संग पहुंच गया। दूसरी बाइक से उसके तीन और साथी भी आ गए। सभी ने मिलकर उनकी बहन को अगवा करने का प्रयास किया। शोर सुनकर परिवार व गांव के लोगों ने घेरकर पांचों युवकों को पकड़ लिया।
बालिका के भाई के मुताबिक पकड़े गए युवकों ने पूछताछ में बताया कि बालिका को बेचने के लिए अगवा करने आए थे। इसके बाद पांचों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। देहात कोतवाली शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि इटियाथोक थाना क्षेत्र के बैजपुर एकडंगा निवासी शोयब, शोयब खान, मुजीब, उमेर, अब्दुल अजीज व धर्मेई गांव निवासी जीशान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया।