खरगूपुर (गोंडा)। खनवापुर गांव के पास शनिवार देर रात गेहूं की मड़ाई के दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने थ्रेसर चालक से लूट की कोशिश की। इस दौरान एकजुट हुए ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर पीट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं हमले में चाकू लगने से एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया।
खनवापुर निवासी देवी प्रसाद शुक्ला अपने खेत में देर रात गेहूं की मड़ाई करवा रहे थे। उसी समय थ्रेसर चालक हनुमान गोस्वामी अपने साथियों और मजदूरों के साथ खेत की ओर जा रहे थे। थ्रेसर और मजदूर पीछे थे, जबकि हनुमान बाइक से आगे चल रहे थे। इसी दौरान चौखड़िया गांव निवासी संजय चौबे अपने दो साथियों दीपक यादव (परसरामपुर अहिरन पुरवा) और प्रशांत तिवारी (खनवापुर) के साथ मौके पर पहुंचे। तीनों ने हनुमान को रोककर उसे धमकाया और मोबाइल व नकदी छीनने का प्रयास किया।
हनुमान के शोर मचाने पर खेत में मौजूद देवी प्रसाद और अन्य ग्रामीण पहुंचे। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर तीनों युवकों को पकड़ लिया। इसी दौरान स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि संजय चौबे ने अपने पास मौजूद चाकू से देवी प्रसाद पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आईं हैं।
किसान पर चाकू से हमले के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने संजय चौबे की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान दीपक यादव और प्रशांत तिवारी मौके से भागने में सफल रहे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किसान व आरोपी संजय को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खरगूपुर पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने संजय को मृत घोषित कर दिया, जबकि देवी प्रसाद की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज गोंडा रेफर कर दिया गया।
दोनों पक्षों पर दर्ज हुई प्राथमिकी
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार ने बताया कि घायल किसान देवी प्रसाद की तहरीर पर संजय चौबे, दीपक यादव और प्रशांत तिवारी के खिलाफ लूट के प्रयास की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
मृतक संजय चौबे की मां राजपति ने बताया कि परिवार में खुशी का माहौल था। बड़े बेटे अजय का 27 अप्रैल को तिलक और 5 मई को शादी तय थी। घर में तैयारियां चल रही थीं, लेकिन संजय की मौत से पूरा परिवार सदमे में आ गया और खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना में लूट के प्रयास, आत्मरक्षा और भीड़ द्वारा हिंसा तीनों पहलू सामने आए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।