मसकनवा (गोंडा)। चांदनी चौक स्थित कृष्णा गायत्री श्रीराम चिकित्सालय से बुधवार को इलाज कराने के बाद साइकिल से घर लौटे एक ग्रामीण की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
धुरदा परसरामपुर, बस्ती निवासी 52 वर्षीय राम प्रसाद मंगलवार को उपचार कराने आए थे। इलाज के बाद वह घर चले गए। बुधवार को वह फिर साइकिल से हॉस्पिटल पहुंचे। इलाज कराया। उन्होंने बाहर एक मेडिकल स्टोर से दवा ली। इसके बाद वह साइकिल से घर की ओर चल दिए। रास्ते में उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन एकत्र होकर हंगामा करने लगे।
एसओ छपिया संजीव वर्मा ने बताया कि रामप्रसाद के पुत्र विनोद सहित अन्य परिजनों को हॉस्पिटल में इलाज में लापरवाही बरतने की आशंका थी। इसी वजह से लोग एकत्र हुए। परिजन उपचार के बारे में जानकारी ले रहे हैं। अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। हॉस्पिटल के निदेशक विजय बहादुर सिंह ने बताया कि रामप्रसाद अस्पताल से स्वस्थ होकर खुद साइकिल से गए थे। उनका ब्लडप्रेशर नॉर्मल था। इलाज में कोई लापरवाही नहीं बरती गई है।