गोंडा। करनैलगंज तहसील के रजिस्ट्रार कानूनगो का सरकारी कार्य करने के लिए रिश्वत लेने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद एसडीएम ने मामले की जांच शुरू की है।
तहसील करनैलगंज में कई वर्षों से रजिस्ट्रार कानूनगो के पद पर कार्य कर रहे गिरीश चन्द्र सोनकर का काम कराने के लिए आने वाले फरियादियों से रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। जिसमें एक व्यक्ति काम कराने के लिए हाथ में पैसे लिए हैं, जिसे रजिस्ट्रार कानूनगो तहसील में अपने काउंटर पर बैठकर रुपये लेते दिखाई दे रहे है।
बताया जा रहा है कि गिरीश चन्द्र सोनकर तालाब पट्टा समेत अन्य भूमि के पट्टे का विभाग देख रहे हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद तहसील के कर्मचारियों में खलबली मच गई है। इसके पहले भी तहसील में लेखपाल द्वारा रिश्वत लेने का वीडियो वायरल हो चुका है।
जिसमें लेखपाल को एसडीएम ने निलंबित कर दिया था। अभी हाल ही में फल, गल्ला, सब्जी मंडी में भी दो सहायक निरीक्षकों का रिश्वत लेते वीडियो वायरल हुआ था। जिसपर डीएम ने एडीएम से जांच कराई गई और दोनों आरोपियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सोमवार को वीडियो वायरल होने के बाद नवागत एसडीएम शत्रुघ्न पाठक ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की तहसीलदार करनैलगंज को जांच के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने बताया कि मामले की जांच चल रही है, जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।