नवाबगंज। थाना क्षेत्र में लोको पायलट पति और सास से मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इस वीडियो की पुष्टि नहीं करती है। मामले में सास ने बहू के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रीवा गांव निवासी सरिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा बृजेश मौर्य रेलवे में लोको पायलट है। उसने एक वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि विवाह के बाद से ही बहू घर में विवाद और मारपीट करती रहती है। तहरीर के अनुसार 28 फरवरी को घर में कहासुनी के दौरान बहू ने बृजेश के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। सरिता का आरोप है कि जब उन्होंने बीच-बचाव किया तो उन्हें भी गाली देते हुए पीट दिया। इसके बाद बहू के बुलाने पर उसका भाई घर पहुंचा और लाठी-डंडों से पिटाई की। आरोप है कि घर का दरवाजा, लाइटें और रसोई का सामान भी तोड़ दिया। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। मामला पारिवारिक विवाद का है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।