नवाबगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगमन के लिए शुक्रवार शाम प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पांडेय के नेतृत्व में अधिकारियों ने नवाबगंज थाने के पास स्थित शत्रु संपत्ति की जमीन का निरीक्षण किया। इसके साथ ही टीम ने भोपतपुर गांव के एक मैदान का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री के दौरे की तिथि और विस्तृत रूपरेखा की अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है लेकिन कार्यक्रम अगले एक-दो दिन में प्रस्तावित हो सकता है। इस अवसर पर सीडीओ दयानंद प्रसाद, एडीएम प्रमोद झा, एसडीएम सविता शुक्ला, तहसीलदार आशुतोष पांडेय, थानाध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, पंकज यादव, परशुराम, ओपी वर्मा समेत कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। (संवाद)