जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में फुटबॉल खेलतीं वाराणसी और प्रयागराज की खिलाड़ी। स्रोत: विभाग
गोंडा। पं. दीनदयाल उपाध्याय राज्य स्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच बृहस्पतिवार को खेला जाएगा। वाराणसी और आगरा मंडल की टीमों के बीच खिताबी भिड़ंत होगी। फाइनल मैच के लिए स्टेडियम में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उतरौला रोड स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में बुधवार को सेमीफाइनल राउंड के मैच का उद्घाटन डॉ. आरिफ खान, उप क्रीड़ाधिकारी अशोक सोनकर व अनीता सोनकर ने किया। पहला मैच वाराणसी व प्रयागराज के मध्य हुआ। वाराणसी की टीम 4-3 से जीत गई। दूसरा मैच लखनऊ व आगरा के मध्य हुआ। इसमें आगरा की टीम 5-4 से विजेता घोषित की गई। बृहस्पतिवार को 11 बजे से वाराणसी व आगरा के मध्य फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस अवसर पर मैच कमिश्नर आसिफ नजबी, अयूब शाह, हाजी मुनव्वर, संजय सिंह, राजेश पांडेय, डॉ. प्रत्यूष राज, तौकीर आदि मौजूद रहे।