फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: प्रसूता की माैत पर हंगामा, शव रखकर किया प्रदर्शन

Mon, 19 Jan 2026 11:33 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
नीलू। फाइल फोटो
विज्ञापन
करनैलगंज/गोंडा। सीएचसी करनैलगंज में सोमवार को प्रसव के बाद नीलू (24) निवासी तेलिनपुरवा पाल्हापुर की हालत बिगड़ गई। प्रसूता को जिला महिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि नीलू की मौत के बाद ऑक्सीजन लगाकर रेफर किया गया। वहीं, नवजात शिशु की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
विज्ञापन

प्रसूता की मौत से गुस्साए परिजनों ने पहले महिला अस्पताल के गेट पर शव रखकर प्रदर्शन किया। बाद में परिजन शव को लेकर सीएचसी करनैलगंज पहुंचे। वहां नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने पहुंचकर परिजनों को शांत कराया।

मृतका नीलू के भाई शिवपाल और पति संदीप ने करनैलगंज सीएचसी के डॉक्टर और स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। आरोप है कि प्रसव के तुरंत बाद ही सीएचसी का स्टाफ मौके से गायब हो गया। आरोप है कि स्वास्थ्यकर्मियों ने इलाज में लापरवाही की, इससे नीलू की जान चली गई। बाद में रेफर का नाटक रचा गया। सीएचसी में हंगामे की जानकारी मिलने पर नगर चौकी प्रभारी शिवनाथ गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन

सीएचसी अधीक्षक डॉ. सौम्या श्रीवास्तव ने बताया कि नीलू एनीमिया की मरीज थीं। प्रसव के बाद उनकी स्थिति गंभीर होने पर डॉ. रिमझिम ने रेफर किया था। उन्होंने कहा कि नीलू की मौत की खबर अत्यंत दुखद है। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय का कहना है कि सीएचसी परिसर में पुलिस बल मौजूद है। कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।


जांच के बाद होगी कार्रवाई
सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल का कहना है कि करनैलगंज सीएचसी में प्रसूता की मौत के मामले में शिकायत नहीं मिली है। फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी प्रसूताओं की हो चुकी है मौत
- चार जनवरी 2026 को जिला महिला अस्पताल में प्रसव के बाद अनुसूइया (40) की मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में घंटों हंगामा किया था। लापरवाही का आरोप लगाया।
- सात जनवरी 2026 को ठकुरापुर निवासी मुकेश की पत्नी मंजू देवी (40) की उपचार के दौरान मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए महिला अस्पताल में हंगामा किया था। स्टाफ पर रुपये मांगने का भी आरोप लगाया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें