लबीएस चौराहे पर पुलिस भर्ती आयोग के अध्यक्ष का पुतला फूंकते राष्ट्रीय छात्र पंचायत के पदाधिकार
गोंडा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती आयोग की ओर से आयोजित उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक सवाल को लेकर जिले में विरोध शुरू हो गया है। प्रश्न में विकल्प के तौर पर ‘पंडित’ शब्द के इस्तेमाल को कई संगठनों ने ब्राह्मण समाज का अपमान बताते हुए नाराजगी जताई है।
राष्ट्रीय छात्र पंचायत के कार्यकर्ताओं ने रविवार को एलबीएस चौराहे पर प्रदर्शन किया और उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती आयोग के अध्यक्ष का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने भर्ती आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस भर्ती आयोग मुर्दाबाद व पंडितों का यह अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान जैसे नारे लगाए।
राष्ट्रीय छात्र पंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पांडेय ने कहा कि परीक्षा में पूछे गए प्रश्न में पंडित शब्द को जिस संदर्भ में रखा गया है, वह ब्राह्मण समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक सोची-समझी रणनीति के तहत ब्राह्मण समाज को अपमानित करने का प्रयास है। इससे पहले भी कुछ विश्वविद्यालयों की दीवारों पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ नारे लिखे जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में इस तरह के प्रश्नों से समाज में असंतोष फैल रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने भर्ती आयोग के अध्यक्ष को तत्काल पद से हटाने और परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान रंजीत पांडेय, शहजाद खान, आलोक कुमार, हिमांशु तिवारी, धमेंद्र शुक्ल आदि मौजूद रहे।