गोंडा। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षा रविवार से शुरू हो रही है। प्रायोगिक परीक्षा भी सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराई जाएगी। इसके लिए परीक्षकों की तैनाती के साथ ही अन्य प्रबंध किए गए हैं। वहीं, शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज से अन्य केंद्रों को ओएमआर शीट, एवार्ड ब्लैंक व बी काॅपियों का वितरण किया जाएगा।
जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए इस बार 149 केंद्र बनाए गए हैं। यहां पर हाईस्कूल के 49,634 व इंटरमीडिएट के 45,789 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। नौ फरवरी से शुरू हो रही प्रायोगिक परीक्षा को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राम चंद्र ने कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को निर्देश जारी किए हैं। बताया कि प्रायोगिक परीक्षा के लिए नियुक्त परीक्षकों की सूची, परीक्षकों के नियुक्ति पत्र एवं किस विद्यालय में किस विषय में कौन परीक्षक परीक्षा लेने आएंगे तथा उस विद्यालय से नियुक्त परीक्षक कहां-कहां परीक्षा लेने जाएंगे, इसकी जानकारी पहले से ही कॉलेजों को भेज दी गई है। साथ ही पोर्टल पर भी विवरण अपलोड किया गया है।
प्रधानाचार्य के पास रहेगी प्रायोगिक परीक्षा की रिकार्डिंग
वायस रिकाॅर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में ही प्रायोगिक परीक्षा होगी। इसकी रिकार्डिंग विद्यालय के प्रधानाचार्य अपने पास सुरक्षित रखेंगे। प्रधानाचार्य प्रायोगिक परीक्षा की जानकारी सेक्टर मजिस्ट्रेट को देंगे। वाह्य परीक्षक प्रायोगिक परीक्षा की अवधि में प्रधानाचार्य एवं आंतरिक परीक्षक के साथ प्रतिदिन प्रयोगशाला में उपस्थित होकर अपना फोटो एवं जिओ पैरामीटर्स को मोबाइल एप द्वारा अनिवार्य रूप से अपलोड करेंगे।