गोंडा। जिले में चल रही यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं का समापन बृहस्पतिवार को होगा। परीक्षा के अंतिम दिन हाईस्कूल में कृषि विज्ञान तथा इंटरमीडिएट में संस्कृत और कंप्यूटर विषय की परीक्षा होगी। परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारियां शुरू हो जाएगी।
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज तथा स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर विषयवार शिक्षकों की तैनाती की जाएगी।
मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों की सूची माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के बाद अब मूल्यांकन कार्य को निर्धारित समय में पूरा कराने की तैयारी की जा रही है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में पारदर्शिता के साथ कॉपियों का मूल्यांकन कराया जाएगा, ताकि समय से परीक्षा परिणाम घोषित किया जा सके।