गोंडा। पुलिस भर्ती परीक्षा की वजह से डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की महाविद्यालय स्तरीय परीक्षाओं के कुछ केंद्रों में तीन दिनों के लिए बदलाव किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आठ, नौ और 10 जून को होने वाली परीक्षाओं के लिए वैकल्पिक केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
एलबीएस महाविद्यालय, शीला देवी स्मारक महाविद्यालय जानकी नगर तथा मीना शाह इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट के परीक्षार्थियों का परीक्षा केंद्र एलबीएस महाविद्यालय निर्धारित है।
पुलिस भर्ती परीक्षा के आयोजन के कारण इन संस्थानों के विद्यार्थियों को उक्त तीन दिनों तक रघुकुल महिला विद्यापीठ में परीक्षा देनी होगी। एलबीएस महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. जितेंद्र सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र में यह परिवर्तन केवल आठ, नौ और 10 जून के लिए किया गया है। इसके बाद परीक्षाएं पूर्व निर्धारित केंद्र पर ही संचालित होंगी।