गोंडा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने पर विरोध जताया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व ट्रंप के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कचहरी में घूमकर अमेरिकी राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री का पुतला फूंककर नाराजगी जताई।
संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में बुधवार को तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुुए। उप्र किसान सभा के अध्यक्ष दीनानाथ त्रिपाठी, संयोजक अमित शुक्ला, अखिल भारतीय किसान महासभा के जिला संयोजक जमाल खान, जिला मंत्री अरुण त्रिपाठी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की।
पदाधिकारियों ने 50 प्रतिशत टैरिफ का आदेश वापस लेने, सरकार से इस पर विरोध दर्ज कराने, अमेरिका की ओर से भारत में किए जा रहे व्यापार पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने, किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी देने, खाद, बीज व कृषि यंत्रों को जीएसटी से मुक्त करने, उर्वरक की कालाबाजारी पर रोक लगाते हुए पर्याप्त उपलब्धता कराने की मांग की गई। इस दौरान राजू सिंह, राम किशोर, समीर अहमद, कल्लू शाह, कन्हैया लाल, सदानंद गिरि, मोहित तिवारी, अमृत लाल, रजनीश दूबे, गुरु प्रसाद मौजूद रहे।