गौराचौकी (गोंडा)। कैटरिंग का काम करने वाले विनोद कुमार (28) और रामकरन (40) की सोमवार देर रात खोड़ारे में भानपुर के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों रिश्ते में चाचा-भतीजे थे।
केशवनगर ग्रंट पश्चिमी टेंगनहवा नौडिहवा निवासी अजय कुमार ने बताया कि उनके भाई विनोद व रिश्ते के चाचा रामकरन कैटरिंग का काम करते थे। सोमवार देर रात दो बजे बलरामपुर के रमवापुर गांव में खाना बनाकर घर लौट रहे थे। तभी गौरा चौकी क्षेत्र में भानपुर मदरसा के पास उनकी बाइक सामने से आ रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। रामकरन को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। सिर पर चोट लगने के कारण अधिक खून बहने से दोनों की मौत हुई है। चौकी प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि विनोद के पिता रामशंकर की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एक साल पहले हुई थी विनोद की शादी
विनोद छह भाइयों में सबसे बड़े थे। एक साल पहले उनकी शादी हुई थी। 12 दिन की बेटी है। विनोद की मौत की खबर मिलते ही पत्नी पूजा देवी, मां इंद्रावती और पिता रामशंकर बेसुध हो गए। राजकरन के परिवार में एक बेटा व तीन बेटियां हैं। उनकी मौत से पत्नी कुशला देवी व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष प्रबोध कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वृद्ध की मौत
नवाबगंज (गोंडा)। मनकापुर मार्ग पर सिरसा फार्म के पास सोमवार रात बस्ती जिले के छावनी महादेवा गांव निवासी मोतीलाल (70) की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मोतीलाल नवाबगंज के रेहली गांव में अपनी बहन के यहां रहते थे। सोमवार शाम को भांजी के यहां शोभापुर जाने के लिए निकले थे। बहनोई जागेश्वर पाल ने बताया कि मोतीलाल अविवाहित थे। पुलिस हादसा करने वाले वाहन का पता लगा रही है। (संवाद)
सड़क हादसे में छह लोग घायल
विश्नोहरपुर/माधोपुर (गोंडा)। बस्ती के परशुरामपुर भोजपुर निवासी दुर्गेश बनगांव स्थित रिश्तेदारी से बाइक से घर लौट रहे थे। तभी सामने से आ रहे दत्तनगर निवासी शेष कुमार की बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। इससे शेष कुमार व उनके साथी विष्णु और दुर्गेश गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा कटरा बाजार के रायपुर फकीर गांव के पास मंगलवार दोपहर बाइक व टेंपो में टक्कर हो गई। धोबहाराय चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार राही ने बताया कि बाइक सवार बहराइच के रहने वाले पिता-पुत्र विपिन कुमार व श्रवण कुमार के साथ ही टेंपो चालक रहमत अली निवासी घोसियाना घायल हो गए। तीनों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। (संवाद)