फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: पांच सितंबर से अल्ट्रासाउंड बंद, 20 से टल रहे ऑपरेशन

Wed, 12 Nov 2025 12:01 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
मेडिकल कॉलेज के क्षेत्रीय निदान केंद्र में बंद अल्ट्रासाउंड कक्ष। - संवाद  
विज्ञापन
गोंडा। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय गोंडा में जांच सुविधाओं के ठप होने से मरीज परेशान हैं। बीते पांच सितंबर से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा बंद है, जबकि हड्डी रोग विभाग में ऑपरेशन भी 20 सितंबर से रुके हुए हैं। वहीं, सीटी स्कैन मशीन तकनीकी रूप से ठीक होने के बावजूद संचालक न होने से बंद पड़ी है।
विज्ञापन

मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन लगभग दो हजार मरीज ओपीडी में आते हैं, लेकिन जांच सुविधाएं न मिलने के कारण उन्हें बाहर निजी केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है, जहां उन्हें महंगी दरों पर जांच करानी पड़ रही है। रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती न होने के कारण अल्ट्रासाउंड सेवा बाधित है। चिकित्सक मरीजों को जांच के लिए पर्ची तो दे देते हैं, मगर सुविधा न मिलने से मरीज विवश होकर बाहर जांच करा रहे हैं। इसी तरह, हड्डी रोग विभाग की सी-आर्म मशीन खराब होने से ऑपरेशन लगातार टल रहे है। बालपुर निवासी शारदा ने बताया कि घुटने के ऑपरेशन के लिए डॉक्टर ने एक सप्ताह पहले तारीख दी थी, लेकिन मशीन खराब होने की वजह से सर्जरी नहीं हो पा रही है।
अल्ट्रासाउंड की नहीं हो सकी जांच
करनैलगंज के देवकी ने कहा कि पेट दर्द की शिकायत लेकर आए थे, पर अल्ट्रासाउंड न होने से जांच नहीं हो सकी। मोतीगंज निवासी सुरेश ने बताया कि गिरने से सिर में चोट आई थी। डॉक्टरों ने सीटी स्कैन की सलाह दी, लेकिन क्षेत्रीय निदान केंद्र पर ताला लटका मिला। ऐसे सैकड़ों मरीज रोजाना बिना जांच के वापस लौट रहे हैं। निजी जांच केंद्रों पर उन्हें मनमानी कीमतें चुकानी पड़ रही हैं।
विज्ञापन

व्यवस्था में जल्द सुधार की उम्मीद
सीएमएस डॉ. अनिल तिवारी ने बताया कि सी-आर्म मशीन एक-दो दिन में चालू कर दी जाएगी। रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती के लिए प्रक्रिया जारी है। जल्द ही अस्पताल की जांच व्यवस्था में सुधार होने की संभावना है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें