करननैलगंज में अल्ट्रासाउंड सेंअर पर जांच करतीं एसडीएम नेहा मिश्रा व एसीएमओ। स्रोत: सोशल मीडिया
करनैलगंज। एसडीएम नेहा मिश्रा व अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आदित्य वर्मा ने सोमवार को क्षेत्र के निधि अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी सेंटर पर छापा मारा। इस दौरान वहां कई खामियां पाई गईं। एसडीएम ने संचालक को नोटिस जारी करने के साथ ही व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही किसी भी हालत में प्रतिबंधित जांच न करने की कड़ी चेतावनी दी।
निरीक्षण में पाया गया कि केंद्र पर कार्यरत चिकित्सक की नामपट्टिका नहीं लगी थी। अल्ट्रासाउंड करने वाले कर्मचारी का विवरण भी दर्ज नहीं था। जांच के लिए कई महिलाएं और मरीज मौजूद थे। अल्ट्रासाउंड मशीन और जांच कक्ष भी मानक के अनुरूप नहीं मिले। एसडीएम ने बताया कि प्रत्येक दो सप्ताह पर पैथोलॉजी और अल्ट्रासाउंड केंद्रों की नियमित जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि प्रतिबंधित जांच पाई गई तो कठोर कार्रवाई के साथ ही एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। फिलहाल केंद्र संचालक को नोटिस जारी किया जा रहा है।