गोंडा। जिले के काजीदेवर और वजीरगंज क्षेत्र के दो मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। दोनों का लखनऊ के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। लखनऊ से रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ाते हुए दोनों मरीजों के घर पहुंचकर परिवार के अन्य सदस्यों की जांच कराई। साथ ही गांवों में टीमें भेजकर संपर्क में आए लोगों की स्क्रीनिंग की गई है।
सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने जिले में स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए 70 बेड आरक्षित किए हैं। मेडिकल कॉलेज की कोविड बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर छह बेड और सभी 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में चार-चार बेड आरक्षित किए गए हैं। जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम और टीम बनाई गई है। प्रत्येक सीएचसी में भी कंट्रोल रूम व टीम गठित की गई है। मरीज मिलने पर तत्काल जिला स्तरीय टीम को सूचना दी जाएगी। (संवाद)