डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। डेंगू से पीड़ित दो और लोगों की मौत हो गई। महिला की गुरुवार को तथा एक अन्य व्यक्ति की बुधवार की रात इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। वहीं मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। डेंगू के 22 व चिकनगुनिया का एक मरीज चिन्हित किया गया है। एसडीएम हरिशंकर लाल शुक्ला ने स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित गांव व मोहल्लों में दवा के छिड़काव के साथ कड़ी निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।
करनैलगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम सुमेरपुुर निवासी नाजरीन (20) पुत्री हारुन को दो दिन पहले डेंगू की शिकायत हुई, जिसे बुधवार को लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गईं।
वहीं, करनैलगंज क्षेत्र के दत्तनगर गांव निवासी अर्जुन प्रसाद गोस्वामी को डेंगू की शिकायत होने पर लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान अर्जुन की मौत बुधवार की रात हो गई। इसके अलावा नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू के 22 व चिकनगुनिया का एक नया रोगी मिला है। जिनका लखनऊ एवं स्थानीय निजी चिकित्सकों के यहां इलाज चल रहा है। क्षेत्र में डेंगू का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है।
नगर के मोहल्ला नई बाजार निवासी अख्तरी बेगम, सकीना बानो, अनीसा, मोहम्मद शरीफ, साजिया, मोहम्मद हफीज, शहनाज, मन्तशा व अरसद तथा सकरौरा मोहल्ला निवासी दिग्विजय, अब्दुल खालिक, एवं नूरुल ग्राम धौरहरा अच्छन, मौर्य नगर चौराहा निवासी शिवभगवान मौर्या व श्याम जी शुक्ला तथा संतोष मौर्या की पत्नी अनीता व उनकी माता कैलाश देवी, तथा नगर पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही कृपाशंकर उपाध्याय, नगर के मदरसा में पढ़ने वाले मोहम्मद मोबीन, ग्राम बलमत्थर निवासी रिंकू डेंगू से पीड़ित मिले हैं।
हीं मौर्यनगर चौराहे के निवासी रामकिशोर मौर्या को चिकनगुनिया होने की पुष्टि हुई, जिसका इलाज लखनऊ में चल रहा है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीएन राय ने बताया कि स्वास्थ्य टीम मोहल्लों में भेजी गई हैं।