महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के कौआपुर पुल के पास बुधवार देर शाम भाई की बारात में जा रहे मोटरसाइकिल सवार जीजा-साले की सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना के बाद शादी की खुशी का माहौल मातम में बदल गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के बलदेव नगर गांव निवासी दद्दू (30) के छोटे भाई चिंटू की बुधवार को शादी थी। शाम के समय बारात दूल्हे को लेकर गंतव्य के लिए निकल पड़ी।
जरूरी घरेलू काम निपटाने के लिए दद्दू कुछ देर घर पर रुक गए। दद्दू के साथ इसी थाना क्षेत्र के ग्राम जयनगरा निवासी उनका साला विजय कुमार (22) भी घर पर रुक गया।
घर का काम निपटाने के बाद दद्दू साले विजय कुमार के साथ बाइक लेकर बारात के लिए चल पड़े। देर होने के कारण दद्दू तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में कौआपुर पुल के पास दद्दू की बाइक सड़क पर खराब खड़े लकड़ी लटे ट्रॉले से टकरा गई। हादसे में मौके पर ही दद्दू तथा विजय कुमार की मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में छाई शादी की खुशी मातम में बदल गई। परिवारीजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सीओ सिटी एलडी भारती तथा थानाध्यक्ष संजय कुमार ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। थानाध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।